
हल्द्वानी : दिल्ली पब्लिक विद्यालय परिसर में पैरेंट ओरिएंटेशन कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस अवसर पर मॉडर्न डे पेरेंटिंग विषय पर विशेष सत्र का संचालन प्रसिद्ध वक्ता श्री वैभव पांडे (सीईओ, ट्विन विन) द्वारा किया गया।
अपने संबोधन में उन्होंने वर्तमान समय में बदलती पारिवारिक परिस्थितियों और पालन-पोषण की नई चुनौतियों पर प्रकाश डालते हुए अभिभावकों को बच्चों के समग्र विकास हेतु व्यावहारिक सुझाव प्रदान किए। उन्होंने अभिभावकों और बच्चों के बीच बेहतर संवाद एवं समझ विकसित करने पर विशेष बल दिया।
कार्यक्रम के पश्चात एकेडमिक ओरिएंटेशन का आयोजन किया गया, जिसमें अभिभावकों को आगामी सत्र की पाठ्यचर्या, शैक्षणिक अपेक्षाओं एवं विद्यालय की कार्यप्रणाली से अवगत कराया गया। इस दौरान अभिभावकों को कक्षा एवं विषय शिक्षकों के साथ संवाद करने का अवसर भी प्राप्त हुआ।
विद्यालय प्रशासन ने सभी अभिभावकों के सक्रिय सहयोग एवं सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य हेतु सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।