


चंपावत :जनपद में स्थानीय आजीविका सुदृढ़ीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत आइटीबीपी एवं पशुपालन विभाग के मध्य हुए एमओयू के अंतर्गत 36वीं बटालियन आईटीबीपी, लोहाघाट को स्थानीय पशुपालकों द्वारा 600 किलोग्राम जीवित मुर्गियों की सफल आपूर्ति की गई।
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार एवं मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ वसुंधरा गर्ब्याल के निर्देशानुसार इस सप्लाई के दौरान मुर्गियों के स्वास्थ्य परीक्षण हेतु पशुपालन विभाग से डॉक्टर दीपक द्वारा समुचित जांच की गई, जिससे गुणवत्ता एवं स्वास्थ्य मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया जा सके।
इसके साथ ही आईटीबीपी की लाइन कमेटी के सदस्यों एवं विजिलेंस टीम की उपस्थिति में गुणवत्ता की पारदर्शी जांच भी की गई।
इस पहल से स्थानीय पशुपालकों को कुल ₹71,400 की शुद्ध आमदनी प्राप्त हुई, जो ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने एवं स्वरोजगार को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक सकारात्मक कदम है।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ वसुंधरा गर्ब्याल ने बताया इस पहल से स्थानीय उत्पादों को सुनिश्चित बाजार एवं पशुपालकों की आय में वृद्धि करने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। भविष्य में भी इस प्रकार की योजनाओं के माध्यम से अधिक से अधिक ग्रामीणों को लाभान्वित किए जाने का लक्ष्य रखा गया है।