
हल्द्वानी :जनपद नैनीताल के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल कैंची धाम सहित भवाली और भीमताल क्षेत्र में प्रत्येक वीकेंड (शनिवार और रविवार) के दौरान पर्यटकों की भारी आमद और यातायात के अत्यधिक दबाव की संभावना को देखते हुए, नैनीताल पुलिस द्वारा सुगम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु विशेष ट्रैफिक डायवर्जन प्लान लागू किया गया है:–
मुख्य डायवर्जन एवं यातायात व्यवस्था:
➡️ भारी वाहनों का डायवर्जन: प्रत्येक वीकेंड के दौरान अल्मोड़ा/रानीखेत की ओर से हल्द्वानी जाने वाले भारी वाहनों को क्वारब व खैरना से डायवर्ट कर वाया रामगढ़/मुक्तेश्वर होकर भेजा जाएगा।
➡️हल्द्वानी से पर्वतीय मार्ग: आवश्यक सेवाओं वाले भारी वाहन अपने निर्धारित रूट से जा सकेंगे। अन्य भारी वाहनों को यातायात के दबाव के अनुसार मस्जिद तिराहा (भवाली) से पीछे रोका जाएगा अथवा उन्हें रामगढ़ व खुटानी मार्ग से गंतव्य की ओर भेजा जाएगा।
➡️भीमताल मार्ग से आने वाले पर्यटक: बाहरी राज्यों/जनपदों से भीमताल होकर कैंची धाम जाने वाले पर्यटकों के निजी वाहनों को विकास भवन पार्किंग (भीमताल) में पार्क कराया जाएगा। यहाँ से पर्यटक स्थानीय शटल सेवा के माध्यम से भवाली/कैंची धाम जा सकेंगे।
➡️गेठिया/नैनीताल मार्ग से आने वाले पर्यटक: जो पर्यटक वाया गेठिया/नैनीताल होकर कैंची धाम जाना चाहते हैं, उनके वाहनों को भवाली सैनेटोरियम पार्किंग में पार्क किया जाएगा। यहाँ से भी दर्शन हेतु स्थानीय शटल सेवा की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
आमजन एवं पर्यटकों हेतु अपील:
नैनीताल पुलिस समस्त पर्यटकों, वाहन स्वामियों और चालकों से अनुरोध करती है कि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए उक्त यातायात प्लान का पालन करें। सुरक्षित और सुखद यात्रा के लिए पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।