



- अधिशासी अभियंता ने शीघ्रता से सड़कों की मरम्मत का आश्वासन दिया
- शीघ्रता से कार्य न होने पर अनिश्चितकालीन आंदोलन की चेतावनी
अखिल भारतीय किसान महासभा बागजाला ग्राम कमेटी द्वारा लोक निर्माण विभाग, हल्द्वानी के अधिशासी अभियंता के कार्यालय के सम्मुख बागजाला (गौलापार), जिला- नैनीताल में सड़क की मरम्मत और डामरीकरण किये जाने के संबंध में एक दिवसीय चेतावनी धरना प्रदर्शन किया. धरना प्रदर्शन के पश्चात अधिशासी अभियंता से वार्ता की गयी और ज्ञापन सौंपा गया.
ज्ञापन में कहा गया कि, बागजाला गाँव की समस्याओं के समाधान की मांग पर अखिल भारतीय किसान महासभा के 100 दिन के धरने के पश्चात 24 नवंबर 2025 को उपजिलाधिकारी हल्द्वानी की उपस्थिति में लोक निर्माण विभाग समेत विभिन्न विभागों के अधिकारियों और बागजाला की जनता के मध्य एक समझौता किया गया था जिसमें रुके हुए विकास कार्यों जैसे सड़क की मरम्मत और डामरीकरण किए जाने, जल जीवन मिशन की योजना पुनः शुरू किए जाने, क्षतिग्रस्त गूल/नहरों की मरम्मत किये जाने, गांव में पहले से रह रहे लोगों को घरों की मरम्मत की अनुमति देने और जरूरत अनुसार कमरा, किचन, शौचालय निर्माण की अनुमति दिए जाने, महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा हेतु सोलर लाइट/ स्ट्रीट लाइट लगाने, लंबे समय से गांव में रह रहे लोगों को बिजली और पानी के नए कनेक्शन दिए जाने पर सहमति बनी थी. जिसके पश्चात लोक निर्माण विभाग द्वारा बागजाला (गौलापार) में विभाग द्वारा बनाई गई सड़क के गड्ढों के भरान का काम शुरू किया गया था. जिसके लिए शासन से बागजाला की सड़कों के लिए 13.31 लाख रुपये स्वीकृत किए गए थे. लेकिन यह कार्य पूर्ण नहीं हुआ था, लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों द्वारा कहा गया कि बाकी सड़क की मरम्मत किए जाने और डामरीकरण का कार्य जाड़े का मौसम बीतने के बाद फरवरी माह में शुरू किया जायेगा. लेकिन फरवरी माह पूरा बीत चुका है और मार्च का महीना भी आधे से अधिक व्यतीत हो गया है लेकिन लोक निर्माण विभाग द्वारा बागजाला गांव की सड़कों की अभी तक कोई सुध नहीं ली गई है.
बागजाला के ग्रामीणों ने रोष प्रकट करते हुए कहा कि, यह बेहद क्षोभजनक स्थिति है जिससे ग्रामीणों में भारी गुस्सा व्याप्त है.
हल्द्वानी :भाकपा माले नैनीताल जिला सचिव डॉ कैलाश पाण्डेय ने कहा कि, बागजाला वासियों के साथ यह लोक निर्माण विभाग की सरासर वादाखिलाफी है जिसके कारण बागजाला वासियों को गड्ढों से भरी सड़कों पर चलने को विवश होना पड़ रहा है. यदि सड़कों की मरम्मत और डामरीकरण शीघ्रता से नहीं किया गया तो ग्रामीणों के पास अनिश्चितकालीन आंदोलन को बाध्य होने के अतिरिक्त कोई अन्य विकल्प शेष नहीं रहेगा.
किसान महासभा बागजाला कमेटी की अध्यक्ष डॉ उर्मिला रैस्वाल ने कहा कि, सड़कों की हालत बेहद खराब है और छोटे बच्चों और बुजुर्गों का चलना मुश्किल हो गया है.
अधिशासी अभियंता ने आश्वासन दिया कि शीघ्रता से बागजाला की सड़कों की मरम्मत का कार्य शुरू किया जायेगा.
प्रदर्शन में डॉ कैलाश पाण्डेय , डॉ उर्मिला रैस्वाल, वेद प्रकाश, विमला देवी, प्रेम सिंह नयाल, पंकज चौहान, दीवान सिंह बर्गली, ललित प्रसाद, हेमा आर्य, मो यासीन, चन्दन सिंह मटियाली, दौलत सिंह कुंजवाल, जीवंती देवी, ललित प्रशाद, दिनेश चंद्र, ललित मोहन, प्रकाश, वासुदेव, महेश राम, चेतन मटियाली, वासुदेव,धनी राम, गणेश राम, हेमा देवी आदि शामिल रहे.l