
पंतनगर। प्रदेश के मुखिया पुष्कर सिंह धामी के पंतनगर एयरपोर्ट पहुंचने पर किच्छा के पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने उनका स्वागत किया और किच्छा क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित विकास योजनाओं के लिए वित्तीय स्वीकृति देने पर धन्यवाद पत्र सौंपकर आभार व्यक्त किया।
इस दौरान पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने कहा कि 13 अक्टूबर को किच्छा में आयोजित नागरिक अभिनंदन समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा किच्छा के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गई थीं, जिन पर अब वित्तीय स्वीकृति मिलना क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि किच्छा नगला मार्ग से अटरिया रोड होते हुए रुद्रपुर तक 8.5 किलोमीटर शेष भाग के निर्माण के लिए लोक निर्माण विभाग को 22 करोड़ रुपये, किच्छा-रुद्रपुर एनएच-74 से मलसा-कुरैया मार्ग के निर्माण के लिए 19 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है।
इसके अलावा पंतनगर विश्वविद्यालय के अंबेडकर पार्क में भारत रत्न B. R. अंबेडकर की आदमकद प्रतिमा स्थापित करने एवं पार्क के सौंदर्यीकरण के लिए केएमवीएन को 45.88 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। वहीं किच्छा के पुराने टैक्सी स्टैंड पर भारत-पाकिस्तान विभाजन विभीषिका के सेनानियों की स्मृति में स्मारक निर्माण के लिए ग्रामीण निर्माण विभाग को 51.51 लाख रुपये तथा किच्छा के बंडीया नमक फैक्ट्री पुल निर्माण के प्रथम चरण के लिए 8.58 लाख रुपये की धनराशि लोक निर्माण विभाग को जारी की गई है।
पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने कहा कि इन सभी योजनाओं के धरातल पर उतरने से किच्छा क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी और यह योजनाएं क्षेत्र के लिए मील का पत्थर साबित होंगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का किच्छा क्षेत्र से विशेष लगाव है और उनके नेतृत्व में किच्छा लगातार विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है।
पूर्व विधायक ने कहा कि इन महत्वपूर्ण योजनाओं के लिए किच्छा क्षेत्र की जनता मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का हृदय से आभार व्यक्त करती है।