
हल्द्वानी :वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जनपद नैनीताल डॉ0 मंजुनाथ टीसी के निर्देशन में जनपद में चोरी की घटनाओं के खुलासे हेतु चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत थाना मुखानी पुलिस को बड़ी सफलता प्राप्त हुई है।
विगत 12 मार्च को वादी हेमचंद्र लोहनी पुत्र भुवन चंद्र निवासी आदर्श कॉलोनी गौड़धड़ा विठोरिया नंबर-1, थाना मुखानी, जनपद नैनीताल द्वारा थाना मुखानी में तहरीर दी गई कि 2 मार्च से 5 मार्च तक अपने पैतृक गांव थापला ताकुला जिला अल्मोड़ा गए हुए थे। 5 मार्च को घर वापस आने पर पाया कि अज्ञात चोर द्वारा उनके घर का ताला तोड़कर घर में रखे सोने के जेवरात व नगदी चोरी कर ली गई है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजुनाथ टीसी द्वारा चोरी की घटना के शीघ्र अनावरण हेतु एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल को विशेष टीम गठित करने के निर्देश दिए गए।
निर्देशों के अनुपालन में क्षेत्राधिकारी रामनगर सुमित पांडेय के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष मुखानी सुशील जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम द्वारा घटनास्थल के आसपास लगभग 100 से 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहनता से अवलोकन किया गया तथा मैनुअल इंटेलिजेंस व अन्य माध्यमों से संदिग्ध की पहचान की गई।
पुलिस टीम को हल्दीखाल जाने वाले रास्ते पर एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया, जिसे पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी कर आवश्यक बल प्रयोग करते हुए पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम गौरव कुमार (उम्र 25 वर्ष) बताया। उसके पास मौजूद थैले की तलाशी लेने पर चोरी किए गए पीली धातु के आभूषण व नगदी बरामद हुई, जिसके बाद अभियुक्त को गिरफ्तार कर आवश्यक कार्यवाही की गई।एसएसपी नैनीताल ने पुलिस टीम के उत्साहवर्धन हेतु 2000 नगद इनाम से पुरुस्कृत करने की घोषणा कीl
ADVERTISEMENTS